Source: 
Jagran
https://www.jagran.com/null/null-dk-shivakumar-is-the-countrys-richest-mla-all-karnataka-mlas-in-top30-23477850.html
Author: 
Date: 
21.07.2023
City: 
New Delhi

कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीटें हासिल कीं और अन्य दलों को मजबूती से विपक्षी खेमें में धकेल दिया। इसी के साथ कांग्रेस कर्नाटक में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आ गई। चुनाव में जीत हासिल करने के लिए कांग्रेस ने ऐसे 19 विधायकों को टिकट दिया जो अरबपति हैं। एडीआर के मुताबिक कर्नाटक चुनाव में 32 ऐसे विधायक जीतकर आए हैं जो देश में सबसे अमीर हैं।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 224 में से 135 सीटें हासिल कीं और अन्य दलों को मजबूती से विपक्षी खेमें में धकेल दिया। इसी के साथ कांग्रेस कर्नाटक में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आ गई। कर्नाटक चुनाव में जीत हासिल करने के लिए कांग्रेस ने ऐसे 19 विधायकों को टिकट दिया, जो अरबपति हैं।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) के मुताबिक, कर्नाटक चुनाव में 32 ऐसे विधायक जीतकर आए हैं, जो देश में सबसे अमीर हैं। इन 32 विधायकों के पास 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति है।

ये हैं देश के टॉप 3 अरबपति विधायक

इन 32 अरबपति विधायकों में से सिर्फ कांग्रेस के 19 विधायक हैं। इसके अलावा बीजेपी के 9, जेडीएस के 2, केआरपीपी के 1 और 1 विधायक निर्दलीय है। हालांकि, इन 32 अरबपति विधायकों में से सबसे अमीर 3 विधायक हैं। जिसमें पहले नंबर पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार हैं।

अचल संपत्ति के मामले में शिवकुमार की संपत्ति 1,413 करोड़ रुपये है। शिवकुमार ने अपने 2023 के चुनावी हलफनामा में दावा किया है कि उनके पास एक गाड़ी टोयोटा क्वालिस है। इसके अलावा उनके पास 2 किलो सोना और 12 किलो चांदी के साथ रोलेक्स और हबलोत की सबसे महंगी दो कलाई घड़ियां हैं। उनके पास कुल 273 करोड़ रुपये की चल संपत्ति भी है।

शिवकुमार के बाद दूसरे सबसे अमीर निर्दलीय विधायक और व्यवसायी केएच पुट्टास्वामी गौड़ा हैं, जो बेंगलुरु से 80 किमी दूर गौरीबिदानूर से विधायक हैं। गौड़ा की संपत्ति 1,267 करोड़ रुपए है और उन पर 5 करोड़ रुपए का कर्ज है।

गौड़ा ने अपने चुनावी हलफनामे में बताया है कि उनके पास एक ट्रैक्टर और तीन बाइकें हैं। उन्होंने बताया है कि उनके और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर 1.6 किलो सोना, 5 किलो चांदी है। इसके अलावा उनके पास 990 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 276 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है।

तीसरे नंबर पर सबसे अमीर और सबसे युवा कांग्रेस विधायक प्रियकृष्ण हैं। उनके पास कुल 1,156 करोड़ रुपए की संपत्ति है। उन्होंने चुनावी हलफनामा में दावा किया है कि उनके पास 935 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 221 करोड़ रुपये की चल सपंत्ति है। हैरानी की बात ये भी है कि प्रियकृष्ण पर 881 करोड़ रुपये का कर्ज है।

कर्नाटक में इन टॉप तीन सबसे अमीर विधायकों में से खनन कारोबारी गली जनार्दन रेड्डी हैं। उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में कहा है कि उनके पास कुल 246 करोड़ रुपये की संपत्ति है। रेड्डी की अधिकांश संपत्ति उनकी पत्नी अरुणा लक्ष्मी के नाम पर है। हालांकि, रेड्डी या उनकी पत्नी पर कोई कर्ज नहीं हैं।

एडीआर ने अपनी रिपोर्ट पेश करते हुए कहा है कि कर्नाटक के 14 फीसदी विधायक अरबपति हैं। एडीआर और नेशनल इलेक्शन वॉच (एनईडब्लू) ने 28 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 4033 विधायकों के 4,001 स्व-घोषित हलफनामों का अध्ययन कर के डेटा निकाला है।

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method