Source: 
पत्रिका
https://www.patrika.com/national-news/gujrat-assembly-elections-2022-bjp-has-maximum-number-of-crorepati-candidates-congress-second-7894700/
Author: 
Sanjay Kumar Srivastava
Date: 
29.11.2022
City: 
New Delhi

Gujrat Assembly Elections 2022 एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, आप चौंक जाएंगे कि, गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा के सर्वाधिक 85 फीसद प्रत्याशी करोड़पति हैं। दूसरे स्थान पर कांग्रेस तो तीसरे नम्बर पर आम आदमी पार्टी आती है। गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार आज मंगलवार को खत्म हो गया है। गुरुवार को वोटिंग होगी।

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार आज मंगलवार को खत्म हो गया है। पहले चरण की 89 विधानसभा सीटों पर गुरुवार 1 दिसम्बर को वोटिंग होगी। 89 विधानसभा सीट के लिए 788 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा, कांग्रेस तो पुराने प्रतिद्वंदी हैं ही, इस बार आम आदमी पार्टी ने दोनों बड़ी पार्टियों को चुनौती पेश कर रखी है। भाजपा, कांग्रेस का दिल धुकधुक कर रहा है। इस बीच यह जानकारी आप चौंक जाएंगे कि, गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा के सर्वाधिक 85 फीसद प्रत्याशी करोड़पति हैं।

पहले तीन में दो भाजपा एक कांग्रेस का नाम

गुजरात विधानसभा चुनाव में करोड़पति उम्मीदवारों की कमी नहीं है। कई तो अरबपति हैं। इस बार भाजपा के 85 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं। चुनाव में घोषित संपत्ति वाले शीर्ष तीन उम्मीदवारों में से दो भाजपा के हैं। जयंतीभाई सोमाभाई पटेल (भाजपा) ने जहां 661 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। बलवंतसिंह चंदनसिंह राजपूत (भाजपा) ने 372 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। 343 करोड़ रुपए की सम्पति के साथ शीर्ष पर तीसरे उम्मीदवार अजीतसिंह परसोत्तमदास ठाकोर (आप) हैं।

एडीआर के अनुसार, हिस्सेदारी पांच वर्षों में बढ़ी

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट से पता चला है कि करोड़पति उम्मीदवारों की हिस्सेदारी पांच वर्षों में बढ़ी है। इन चुनावों में 1,621 उम्मीदवारों में से 456 (28 प्रतिशत) करोड़पति हैं।

आम आदमी के लिए चुनाव लड़ना दूर की कौड़ी

अब आम आदमी का चुनाव लड़ना और जीतना दूर की कौड़ी है। इस रिपोर्ट से स्पष्ट है कि, सभी प्रमुख राजनीतिक दल धनी उम्मीदवारों को टिकट देते हैं। प्रमुख दलों में भाजपा के 182 उम्मीदवारों में से 154 (85 प्रतिशत), कांग्रेस के 179 में से 142 (79 प्रतिशत) और आप के 181 उम्मीदवारों में से 68 (38 प्रतिशत) ने 1 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित की है।

इस चुनाव में औसत सम्पति बढ़ी

गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में चुनाव लड़ने वाले प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 3.58 करोड़ रुपए है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2017 में गुजरात विधानसभा चुनाव में 1,815 उम्मीदवार खड़े थे और प्रति उम्मीदवार औसत संपत्ति 2.22 करोड़ रुपए थी।

प्रति उम्मीदवार औसत संपत्ति में भी भाजपा अव्वल

भाजपा के प्रति उम्मीदवार औसत संपत्ति 16.56 करोड़ रुपए, कांग्रेस के 7.99 करोड़ रुपए, आप के 3.68 करोड़ रुपए है।

एडीआर ने किया स्व-शपथ पत्र का विश्लेषण

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और गुजरात इलेक्शन वॉच ने उन सभी 1,621 उम्मीदवारों के स्व-शपथ पत्रों का विश्लेषण किया है, जो गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे हैं। 1,621 उम्मीदवारों में से, 476 राष्ट्रीय दलों से हैं, 219 राज्य दलों से हैं, 302 पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों से हैं और 624 उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method