Skip to main content
Source
राज एक्सप्रेस
https://www.rajexpress.co/india/legislators-of-the-country-have-more-money-than-the-combined-budget-of-three-states-shocking-information-came-to-the-fore
Author
Priyank Vyas
Date

मंगलवार को जारी की गई इस रिपोर्ट को ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ और ‘नेशनल इलेक्शन वॉच’ ने मौजूदा विधायकों द्वारा आखिरी बार चुनाव लड़ने से पहले दायर किए गए हलफनामों के आधार पर तैयार किया गया है

हाइलाइट्स :

  • देश के विधायकों की संपत्ति को लेकर एक रिपोर्ट जारी की गई है।

  • 4001 विधायकों के पास कुल 54,545 करोड़ रूपए की संपत्ति है।

  • यह संपत्ति नगालैंड, मिजोरम और सिक्किम जैसे राज्यों के कुल सालाना बजट से भी अधिक है।

  • इन तीनों राज्यों का सालाना संयुक्त बजट करीब 49,103 करोड़ रूपए है।

राज एक्सप्रेस। हाल ही में देश के विधायकों की संपत्ति को लेकर एक रिपोर्ट जारी की गई है, जिसमें चौंका देने वाली जानकारी सामने आई है। इस रिपोर्ट के अनुसार हमारे देश के मौजूदा विधायकों के पास इतना पैसा है कि उसे मिला दिला जाए तो यह हमारे देश के तीन राज्यों के संयुक्त बजट को भी पार कर जाएगा। मंगलवार को जारी की गई इस रिपोर्ट को ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (एडीआर) और ‘नेशनल इलेक्शन वॉच’ (एनईडब्ल्यू) ने तैयार किया है। इस रिपोर्ट को मौजूदा विधायकों द्वारा आखिरी बार चुनाव लड़ने से पहले दायर किए गए हलफनामों के आधार पर तैयार किया गया है।

मौजूदा विधायकों के पास कितना पैसा?

इस रिपोर्ट में देश के 28 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 4033 विधायकों में से 4001 विधायकों के हलफनामे का विश्लेषण किया गया है। इस विश्लेषण के अनुसार इन 4001 विधायकों के पास कुल 54,545 करोड़ रूपए की संपत्ति है। यह संपत्ति नगालैंड, मिजोरम और सिक्किम जैसे राज्यों के कुल सालाना बजट से भी अधिक है। इन तीनों राज्यों का सालाना संयुक्त बजट करीब 49,103 करोड़ रूपए है।

कांग्रेस के विधायक भाजपा से अमीर

इस रिपोर्ट के अनुसार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी की पार्टी युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस के 146 विधायकों के पास 3379 करोड़ रूपए की संपत्ति है। यानी उनके विधायकों की औसत संपत्ति 23 करोड़ रूपए से अधिक है। इसी तरह भाजपा के 1356 विधायकों की कुल संपत्ति 16234 करोड़ और औसत संपत्ति करीब 12 करोड़ रूपए है। संपत्ति के मामले में कांग्रेस के विधायक भाजपा से कहीं आगे हैं। कांग्रेस के 719 विधायकों की कुल संपत्ति 15798 करोड़ और औसत संपत्ति करीब 22 करोड़ रूपए है।

किस राज्य के विधायक सबसे अमीर?

इस रिपोर्ट के अनुसार देश में कर्नाटक राज्य के विधायक सबसे अमीर हैं। कर्नाटक के विधायकों की कुल संपत्ति 14,359 करोड़ रूपए है। वहीं महाराष्ट्र के 284 विधायकों की कुल संपत्ति 6,679 करोड़ रुपए है। इसी तरह आंध्र प्रदेश के कुल 174 विधायकों की संपत्ति 4,914 करोड़ रुपए है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार देश के सबसे अमीर विधायक हैं। उनकी कुल संपत्ति 1413 करोड़ रूपए है।


abc