Source: 
दैनिक भास्कर
https://www.bhaskar.com/local/himachal/shimla/news/himachal-pradesh-assembly-election-2022-assets-of-re-contesting-mlas-adr-report-130528450.html
Author: 
Date: 
07.11.2022
City: 
Shimla

देश में कोरोना काल ने लगभग ढाई साल तक सबकी आर्थिकी को झकझोर कर रखा, लेकिन हिमाचल के MLA की आर्थिक सेहत पर कोई आंच नहीं आई। उल्टा, इन 5 सालों में MLA की खूब चांदी हुई है। एसोसिएशन फोर डेमोक्रेटिक रिफोर्म (ADR) की रिपोर्ट के अनुसार, दोबारा चुनाव लड़ रहे हिमाचल के 58 विधायकों की संपत्ति में औसत 2.77 करोड़ का इजाफा हुआ है।

बलवीर वर्मा की संपत्ति 42% बढ़ी
अमाउंट के हिसाब से राज्य के सबसे अमीर विधायक चौपाल से बलवीर वर्मा हैं। उनकी संपत्ति में 37.71 करोड़ रुपए सबसे ज्यादा का उछाल आया है। वर्ष 2017 में इनकी संपत्ति 90.73 करोड़ थी, जो 2022 बढ़कर 128.45 करोड़ हो गई। इनकी संपत्ति में 42% का उछाल आया है।

अनिल शर्मा की संपत्ति में 43% का उछाल
दूसरे नंबर पर मंडी सदर से विधायक अनिल शर्मा की संपत्ति में 17.23 करोड़ का उछाल आया है। इनकी संपत्ति 2017 की तुलना में 40.24 करोड़ से बढ़कर 57.48 करोड़ रुपए हो गई। इनकी संपत्ति में 43% की वृद्धि हुई है।

विक्रमादित्य की संपत्ति 5 साल में 17.06 करोड़ बढ़ी
तीसरे नंबर पर शिमला ग्रामीण से कांग्रेस MLA विक्रमादित्य सिंह की संपत्ति में 5 सालों में 17.06 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। इनकी संपत्ति 2017 के मुकाबले 84.32 करोड़ से बढ़कर 101.39 करोड़ हो गई है। इनकी संपत्ति में 20% का उछाल आया है।

आशीष बुटेल की भी खूब चांदी
चौथे नंबर पर पालमपुर से कांग्रेस विधायक आशीष बुटेल हैं। इनकी संपत्ति में 8.86 करोड़ की बढ़ोतरी हुई। बुटेल की संपत्ति 21.40 करोड़ से बढ़कर 30.26 करोड़ हो गई है। इनकी संपत्ति में 41% का उछाल आया है।

राजेश ठाकुर की संपत्ति 5 साल में 7.18 करोड़ बढ़ी
गगरेट से BJP विधायक राजेश ठाकुर की संपत्ति में 7.18 करोड़ का उछाल आया है। राजेश ठाकुर की संपत्ति 2017 की तुलना में 20.84 करोड़ से बढ़कर 28.02 करोड़ पहुंच गई है, यानी 34% का इजाफा हुआ है।

मुल्खराज की संपत्ति 1167% तक बढ़ी
प्रतिशत के हिसाब से बैजनाथ के विधायक मुल्खराज की संपत्ति में सबसे ज्यादा 1167 फीसदी का उछाल आया है। इनकी संपत्ति 2017 में मात्र 5.33 लाख रुपए थी, जो 2022 में बढ़कर 67.48 लाख हो गई। यह जानकारी सभी विधायकों ने स्वयं अपने-अपने शपथ पत्र में दी है, जिनके मूल्यांकन के आधार पर ADR ने रिपोर्ट तैयार की है।

BJP विधायकों की औसत संपत्ति 3.20 करोड़
BJP के 35 विधायक दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। इनकी संपत्ति में औसत 3.20 करोड़ का उछाल दर्ज किया गया है, जबकि कांग्रेस के 20 MLA की संपत्ति में औसत उछाल 2 करोड़ रुपए, 2 निर्दलीय की संपत्ति में औसत उछाल 77 लाख रुपए तथा CPIM के एक विधायक की संपत्ति में 1.31 करोड़ का उछाल 5 सालों में आया है।

अनिरुद्ध की संपत्ति 5 साल में 6.02 करोड़ घटी
शिमला जिले के कसुम्पटी से कांग्रेस विधायक की संपत्ति में सबसे ज्यादा 6.02 करोड़ की कमी दर्ज की कई है। इनकी संपत्ति 2017 की तुलना में 16.23 करोड़ से घटकर 10.21 करोड़ रह गई है।

भवानी सिंह की संपत्ति भी 2.65 करोड़ कम
फतेहपुर से कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया की संपत्ति में भी 2.65 करोड़ की कमी आई है। इनकी संपत्ति 2017 की अपेक्षा 2022 में 20.68 करोड़ से घटकर 18.03 करोड़ रह गई है।

नेता प्रतिपक्ष की आय भी कम
हरोली से कांग्रेस विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की आय में भी 5 सालों में कमी दर्ज की गई है। इनकी संपत्ति में 2.28 करोड़ की कमी के बाद 7.76 करोड़ से कम होकर 5.48 करोड़ रह गई है।

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method