Source: 
हिंदुस्तान
https://www.livehindustan.com/bihar/patna/story-the-average-assets-of-the-chief-councilors-of-the-municipal-bodies-are-3-10-crores-7883258.html
Author: 
Date: 
12.03.2023
City: 
Patna

बिहार के नगर निकायों के आम चुनाव में नगर पंचायत, नगर परिषद एवं नगर निगमों के विजेता मुख्य पार्षद/मेयर की औसत संपत्ति 3.10 करोड़ रुपये है। इनमें 45 %...

बिहार के नगर निकायों के आम चुनाव में नगर पंचायत, नगर परिषद एवं नगर निगमों के विजेता मुख्य पार्षद/मेयर की औसत संपत्ति 3.10 करोड़ रुपये है। इनमें 45 % (97) जीते हुए उम्मीदवार करोड़पति हैं। जानकारी के अनुसार 214 विजेता मुख्य पार्षद/ मेयर में 15 % (32) विजेता मुख्य पार्षदों के पास 5 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। वहीं 14 % (30) विजेता के पास 2 करोड़ से 5 करोड़ की संपत्ति, 40 % (80) के पास 50 लाख से दो करोड़, 21% (45) के पास 10 लाख से 50 लाख और 10% (21) के पास 10 लाख से कम की संपत्ति है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने 223 विजेता मुख्य पार्षद/ मेयर में 214 की संपत्ति का विश्लेषण कर रिपोर्ट शनिवार को जारी की। 9 विजेता उम्मीदवारों के शपथ पत्र स्पष्ट नहीं होने के कारण उनका विश्लेषण नहीं किया गया है।

कटिहार की मेयर के पास 93 करोड़ से अधिक की संपत्ति

रिपोर्ट के अनुसार कटिहार नगर निगम की मेयर उषा देवी अग्रवाल के पास सर्वाधिक 93 करोड़ 66 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति है। वहीं, मुजफ्फरपुर पश्चिमी नगर पंचायत, सरैया की मुख्य पार्षद कुमारी अर्चना दूसरे स्थान पर है और उनके पास 41.12 करोड़ की संपत्ति तथा बेतिया नगर निगम की मेयर गरिमा देवी तीसरे स्थान पर है और उनके पास 40.20 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। दूसरी ओर, गया सदर स्थित नगर पंचायत वजीरगंज के मुख्य पार्षद बलदेव दास के पास 51 हजार, शेखपुरा के नगर पंचायत, शेखोपुर सराय के मुख्य पार्षद रोहित मांझी के पास 1.30 लाख तथा राजगीर नगर पंचायत, नालंदा के मुख्य पार्षद अलोधानी देवी के पास 1.38 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति है।

19 फीसदी के ऊपर आपराधिक मामले दर्ज

रिपोर्ट के अनुसार 214 में 19 % (40) विजेताओं के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज है। 13% (27) विजेताओं के खिलाफ गंभीर अपराध के मामले, दो विजेताओं ने अपने खिलाफ हत्या से जुड़े मामले, 6 के खिलाफ हत्या के प्रयास के मामले और 2 विजेताओं ने स्त्री के खिलाफ अपराध के मामले दर्ज होने की जानकारी दी है।

35% मुख्य पार्षद पांचवीं से 12 वीं तक शिक्षा प्राप्त

रिपोर्ट के अनुसार 35% (74 ) विजेता मुख्य पार्षद 5 वीं से 12 वीं तक की शिक्षा प्राप्त है। 36 % (78) विजेता स्नातक या इससे अधिक की शैक्षणिक योग्यताधारी है। एक विजेता उम्मीदवार डिप्लोमा धारी है। 57 उम्मीदवार साक्षर एवं 4 विजेता उम्मीदवार असाक्षर है। वहीं, 21 से 40 वर्ष उम्र के बीच 45 % (96) विजेता, 41 से 70 वर्ष उम्र के बीच 52 % (112) और 4 विजेता उम्मीदवारों ने आयु 70 वर्ष से अधिक घोषित की है जबकि 2 उम्मीदवारों ने आयु घोषित नही की है।

65 फीसदी विजेता उम्मीदवार महिला

रिपोर्ट के अनुसार नगर निकाय आम चुनाव,2022 में विजेता मुख्य पार्षद/ मेयर में 65% (139) महिला मुख्य पार्षद/ मेयर हैं।

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method