Skip to main content
Source
News4Nation
https://www.news4nation.com/news/mamta-banerjee-is-the-poorest-chief-minister-know-the-total-assets-of-cm-nitish-of-bihar-and-kejriwal-of-delhi-137882
Date

देश में सबसे अमीर मुख्यमंत्री कौन हैं? इस सवाल का जवाब एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताजा रिपोर्ट में सामने आया है जिसमें देश के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति का खुलासा किया गया है। इसके अनुसार आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी देश के सबसे धनी मुख्यमंत्री हैं। जगन मोहन रेड्डी की कुल संपत्ति 510 करोड़ रुपए है। वहीं ममता बनर्जी ही इकलौती मुख्यमंत्री हैं, जो करोड़पति भी नहीं हैं।

एडीआर की रिपोर्ट बताती है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसी राव के पर सबसे ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, इनमें से कई केस वित्तीय अनियमितता से भी जुड़े हैं। ममता बनर्जी की संपत्ति सिर्फ 15 लाख रुपए है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की संपत्ति 1.2 करोड़ है जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की कुल संपत्ति 1.3 करोड़ रुपए है।

एडीआर ने देश के कुल 30 मुख्यमंत्रियों की संपत्ति का ब्यौरा दिया है। इनमें सिर्फ ममता बनर्जी हैं, जो करोड़पति नहीं हैं। वहीं 29 मुख्यमंत्री करोड़पति हैं। सभी मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति निकाली जाए तो यह करीब 34 करोड़ रुपए प्रति मुख्यमंत्री होगी। यह ब्यौरा 28 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के सीएम द्वारा चुनाव आयोग को दिए गए ब्यौरे पर आधारित है।

एडीआर की रिपोर्ट बताती है कि अरूणाचल प्रदेश के सीएम प्रेमा खांडू इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं और उनकी संपत्ति 163 करोड़ रुपए है। वहीं ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक की संपत्ति 63 करोड़ और तेलंगाना के केसीआर की संपत्ति 23 करोड़ रुपए है। पटनायक की ज्यादातर संपत्ति अचल है। 76 साल के बैचलर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नाम 3 प्रॉपर्टी है। पिछले साल जगन मोहन रेड्डी की संपत्ति 373 करोड़ आंकी गई थी। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दिल्ली के अरविंद केजरीवाल दोनों के पास 3 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।

केसीआर पर 64 क्रिमिनल केस : तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर पर कुल 64 क्रिमिनल केस दर्ज हैं। इनमें से 37 गंभीर अपराध के मामले हैं। वे पहले व्यक्ति हैं जब सीएम बने तो उनपर सबसे ज्यादा मुकदमे दर्ज रहे। हालांकि यह भी सच है कि इनमें से ज्यादातर केस उस वक्त दर्ज किए गए थे, जब वे तेलंगाना को अलग राज्य बनाने की मांग पर प्रदर्शन कर रहे थे। केसीआर के बाद तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन पर सबसे ज्यादा मामले दर्ज हैं। स्टालिन पर कुल 47 केस दर्ज हैं।