Source: 
Navbharat Times
Author: 
Date: 
16.02.2022
City: 
Lucknow

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर तमाम राजनीतिक दलों के तमाम प्रकार के दावे हैं। इन दावों के उलट चुनावी मैदान में उतरने वाले चेहरों पर ही रेप व हत्या जैसे आरोप हैं। प्रदेश में तीसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 22 फीसदी से अधिक उम्मीदवारों पर आपराधिक मुकदमे हैं। इसमें 11 उम्मीदवारों पर महिला अत्याचार से जुड़े आरोप भी हैं।

यूपी इलेक्शन वॉच और एडीआर ने मंगलवार को तीसरे चरण के उम्मीदवारों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। संस्था ने 627 में 623 उम्मीदवारों के शपथपत्र का विश्लेषण किया है। इसमें 135 उम्मीदवारों पर आपराधिक मुकदमे हैं। करोड़पतियों को टिकट देने में सभी दलों ने दरियादिली दिखाई है।

103 प्रत्याशियों पर गंभीर अपराधों के आरोप
तीसरे चरण में 59 सीटों पर चुनाव होने हैं। इसमें उतरे 103 उम्मीदवारों पर गंभीर अपराध के आरोप हैं। इसमें हत्या, हत्या का प्रयास, बलात्कार, अपहरण जैसे अपराध भी शामिल हैं। सपा के 38 फीसदी, भाजपा के 36 फीसदी, बसपा के 31 फीसदी, कांग्रेस के 18 फीसदी और आप के 22 फीसदी उम्मीदवारों पर गंभीर अपराधों में मुकदमे हैं। अकबरपुर रनिया से सपा के उम्मीदवार रामप्रकाश कुशवाहा पर बलात्कार का आरोप है।

कानपुर कैंट से बसपा उम्मीदवार मोहम्मद शफी पर हत्या का मुकदमा दर्ज है। महिला सुरक्षा को मुद्दा बनाने वाली कांग्रेस के हाथरस से प्रत्याशी मथुरा प्रसाद व किदवई नगर से आप प्रत्याशी विवेक द्विवेदी पर छेड़छाड़ के आरोप हैं। इस चरण के 18 उम्मीदवारों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा है। 26 सीटें ऐसी हैं, जहां लड़ रहे 3 या इससे अधिक उम्मीदवारों पर आपराधिक मुकदमे हैं।

39 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति, 15 फीसदी महिलाओं को टिकट
तीसरे चरण में 245 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति करोड़ों में है। कुल उम्मीदवारों का यह 45 फीसदी है। उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 2.82 करोड़ है। 38% उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता 5वीं से 12वीं के बीच घोषित की है, जबकि 357 (57%) उम्मीदवार ग्रैजुएट या इससे अधिक पढ़े-लिखे हैं। 13 उम्मीदवार साक्षर और 5 उम्मीदवार निरक्षर हैं।

चुनाव लड़ रहे 39 फीसदी उम्मीदवारों की उम्र 40 साल से कम है तो 48 फीसदी उम्मीदवार 41 से 60 साल की उम्र के हैं। इस चरण में कुल उम्मीदवारों में 15% महिलाएं हैं। कांग्रेस ने सबसे अधिक 45 फीसदी महिला उम्मीदवार उतारे हैं। भाजपा ने 16, बसपा ने 12 और सपा ने 9 फीसदी महिलाओं को टिकट दिया है।

सबसे अमीर उम्मीदवार

  • यशपाल सिंह यादव (सपा), बबीना : 70.74 करोड़
  • अजय कपूर (कांग्रेस), किदवईनगर : 69.46 करोड़
  • प्रमोद कुमार (कांग्रेस), आर्यनगर : 45.78 करोड़

सबसे अधिक मुकदमे

  • लुईस खुर्शीद (कांग्रेस), फर्रुखाबाद : 17 मुकदमे
  • सैफुर्रहमान (सपा), फिरोजाबाद : 12 मुकदमे
  • जुगेंद्र सिंह यादव (सपा), एटा : 10 मुकदमे
© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method