Skip to main content
Date

त्रिपुरा में बिप्लब देब के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में कुल 9 मंत्री हैं। इनमें से 6 मंत्री करोड़पति हैं। 9 में से 3 मंत्री दागी हैं। शुक्रवार को आई एक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक कैबिनेट के 76 फीसदी मंत्री करोड़पति जबकि 33 फीसदी दागी हैं। उप-मुख्यमंत्री जिष्णु देबबर्मा कैबिनेट में सबसे अमीर मंत्री हैं जिनके पास 11 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।

इसके बाद नंबर आता है प्राणजीत सिंघा रॉय का,जिनके पास 5 करोड़ की संपत्ति है। पिछले साल अगस्त में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सुदीप रॉय बर्मन के पास 3 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। सभी तीनों अमीर मंत्री भाजपा से हैं। भाजपा की संताना चकमा जो कैबिनेट में एक मात्र महिला मंत्री है, सबसे गरीब मंत्री हैं। संताना चकमा के पास सिर्फ 1.39 लाख की संपत्ति है।  9 में से 3 मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे लंबित हैं। खुद उन्होंने इसकी जानकारी दी है।

तीन दागी मंत्रियों में से रतन लाल नाथ और बर्मन के खिलाफ गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ हत्या की कोशिश के केस लंबित हैं। 9 में से 7 मंत्री यानी 78 फीसदी ग्रैजुएट हैं जबकि अन्य दो पोस्ट ग्रैजुएट हैं। आपको बता दें कि त्रिपुरा में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है। भाजपा ने चुनाव से पहले आईपीएफटी के साथ गठबंधन किया था। भाजपा ने 51 जबकि आईपीएफटी ने 9 सीटों पर चुनाव लड़ा था। भाजपा को 36 जबकि आईपीएफटी को 8 सीटें मिली थी। 16 सीटें लेफ्ट फ्रंट को मिली। इस तरह भाजपा ने लेफ्ट का किला ध्वस्त कर दिया।

त्रिपुरा में लेफ्ट फ्रंट 25 साल से सत्ता में था, जिसे भाजपा ने उखाड़ फेंका। विधानसभा चुनाव में सबसे बुरा हाल कांग्रेस का हुआ, जो खाता भी नहीं खोल पाई। माणिक सरकार 20 साल से राज्य के मुख्यमंत्री थे। वे भारत के सबसे गरीब मुख्यमंत्रियों में शुमार थे। उनके पास सिर्फ 26 लाख की संपत्ति है। जबकि बिप्लब कुमार देब के पास 2 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। अमीर मंत्रियों की सूची में उनका स्थान चौथे नंबर पर आता है।


abc