Source: 
News Bytesapp
https://hindi.newsbytesapp.com/news/politics/8-percent-women-candidates-in-first-phase-of-general-elections/story
Author: 
आबिद खान
Date: 
09.04.2024
क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव में महिलाओं की भागीदारी को लेकर निराशाजनक आंकड़े सामने आए हैं।पहले चरण में 19 अप्रैल को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान होना है। इसके लिए कुल 1,625 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,491 पुरुष और केवल 134 (8 प्रतिशत) महिलाएं हैं।छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, लक्षद्वीप, मणिपुर, नागालैंड और त्रिपुरा में एक भी महिला उम्मीदवार मैदान में नहीं है। इन राज्यों से 49 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

अंडमान

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में सबसे ज्यादा महिलाएं मैदान में

पहले चरण में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 2 (16 प्रतिशत) महिलाएं हैं। मिजोरम में 6 उम्मीदवारों में से एक महिला हैं।बिहार में 38 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें से सिर्फ 3 ही महिला प्रत्याशी हैं।एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के मुताबिक, पहले चरण में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बिहार में जितनी महिलाओं को टिकट दिया है, उन सबके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

राज्य

बाकी राज्यों में क्या है स्थिति?

अरुणाचल प्रदेश में 14 (एक महिला), असम में 35 उम्मीदवार (4 महिलाएं), मध्य प्रदेश में 88 उम्मीदवार (7 महिलाएं), महाराष्ट्र में 97 उम्मीदवार (7 महिलाएं), मेघालय में 10 उम्मीदवार (2 महिलाएं), मिजोरम में 6 उम्मीदवार (एक महिला), पुडुचेरी में 26 उम्मीदवार (3 महिलाएं), राजस्थान में 114 उम्मीदवार (12 महिलाएं), सिक्किम में 14 उम्मीदवार (एक महिला), उत्तर प्रदेश में 80 उम्मीदवार (7 महिलाएं), उत्तराखंड में 55 उम्मीदवार (4 महिलाएं) और पश्चिम बंगाल में 37 उम्मीदवार (4 महिलाएं) मैदान में हैं।

आपने 40% पढ़ लिया है

तमिलनाडु

तमिलनाडु में सबसे ज्यादा उम्मीदवार

पहले चरण के चुनाव में लड़ने वाले उम्मीदवारों की सबसे बड़ी संख्या दक्षिणी राज्य तमिलनाडु से है। यहां से 950 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 76 महिलाएं हैं।2019 के लोकसभा चुनाव में 9 प्रतिशत महिला उम्मीदवार मैदान में थीं। तब 8,054 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई थीं, जिनमें से 726 प्रत्याशी महिलाएं थीं।तब तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने सबसे ज्यादा 41 प्रतिशत महिलाओं को टिकट दिया था। कुल महिला उम्मीदवारों में से 78 संसद पहुंची थीं।

मुकदमे

252 उम्मीदवारों पर आपराधिक मुकदमे

ADR की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले चरण में हिस्सा ले रहे 1,628 में से 252 पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से 161 पर तो हत्या और अपहरण जैसे गंभीर अपराधों के तहत मामले दर्ज हैं। 18 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध और एक पर दुष्कर्म का मामला है।मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा सीट से मैदान में कांग्रेस के नकुल नाथ 716 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार हैं।

आपने 80% पढ़ लिया है
मतदान

7 चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव

देश में लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होंगे। 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को अलग-अलग राज्यों में वोट डाले जाएंगे।कुछ राज्यों में एक ही चरण में सभी सीटों पर तो कुछ में कई चरणों में मतदान होगा। सभी राज्यों के मतदान के नतीजे एक साथ 4 जून को आएंगे।इस दौरान 96.8 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें 9.7 करोड़ पुरुष, 47.1 करोड़ महिलाएं और 48,000 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method