ADR और नेशनल इलेक्शन वॉच ने विधायकों द्वारा जमा किए गए हलफनामों का अध्ययन कर पता लगाया है कि देश के 4001 विधायकों के पास तीन राज्य के बजट से भी अधिक संपत्ति है। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि YSRCP के विधायक सबसे अमीर है।
चुनाव पर नजर रखने वाली एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और नेशनल इलेक्शन वॉच (एनईब्ल्यू) ने विधायकों द्वारा जमा कराए गए हलफनामों का अध्यन कर चौंकाने वाला खुलासा किया है। देश के कुल 4033 विधायकों में से 4001 विधायक के पास कुल संपत्ति 54,545 करोड़ है। इन सभी विधायकों की संपत्ति तीन राज्य के बजट से भी ज्यादा है। नागालैंड, मिजोरम और सिक्किम तीन राज्यों का कुल सालाना बजट 49,103 करोड़ है जो इन विधायकों की संपत्ति से काफी कम है। बता दें कि साल 2023-24 में नागालैंड का बजट 23,086 करोड़, मिजोरम का बजट 14,210 करोड़ और सिक्किम का बजट 23,086 करोड़ पेश किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक देश के हर विधायक के पास औसतन संपत्ति 13.63 करोड़ रुपये है।
YSRCP के विधायक हैं सबसे अमीर
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी के 1,356 विधायक के पास औसतन 11.97 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं कांग्रेस के 719 विधायक के पास 21.97 करोड़ की औसत संपत्ति है। तृणमूल कांग्रेस के 227 विधायक के पास 3.51 करोड़ रुपये की औसत संपत्ति है। वहीं आम आदमी पार्टी के विधायकों की बात करें तो संपत्ति के मामले में यह भी पीछे नहीं हैं। AAP के 161 विधायकों के पास 10.20 करोड़ की संपत्ति है। वहीं YSRCP के 146 विधायकों के पास औसतन 23.14 करोड़ रुपये की संपत्ति है जो देश भर के विधायकों में सबसे अधिक है।
अगर पार्टी की बात की जाए तो बीजेपी के विधायकों की कुल संपत्ति 16,234 करोड़, कांग्रेस की 15,798 करोड़, YSRCP की 3,379 करोड़, द्रमुक की कुल संपत्ति 1663 करोड़ है। वहीं आम आदमी पार्टी के विधायकों के पास कुल 1,642 करोड़ की संपत्ति है।
कर्नाटक के विधायकों के पास सबसे अधिक संपत्ति
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक के विधायकों के पास सबसे ज्यादा संपत्ति पाई गई है। 21 राज्यों के विधायकों की कुल संपत्ति से भी ज्यादा कर्नाटक के विधायकों की संपत्ति पाई गई है। 21 राज्यों के विधायकों की कुल संपत्ति 13,976 करोड़ है वहीं कर्नाटक के विधायकों के पास कुल 14,359 करोड़ की संपत्ति है।
राज्य अनुसार संपत्ति का आंकलन
रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र के 288 में से 284 विधायक के पास 6,679 करोड़ की संपत्ति है, आंध्र प्रदेश के 175 में से 174 विधायक के पास 4,914 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं यूपी के 403 विधायक की कुल संपत्ति 3,255 करोड़, गुजरात के 182 विधायक के पास 2,987 करोड़, तमिलनाडु के 224 विधायक के पास 2,767 करोड़ और मध्य प्रदेश के 230 विधायक के पास 2,476 करोड़ रुपये की संपत्ति पाई गई है।