Source: 
दैनिक भास्कर
https://www.bhaskar.com/local/himachal/shimla/news/himachal-assembly-election-criminal-background-and-millionaires-candidates-increased-130518345.html
Author: 
Date: 
04.11.2022
City: 
Shimla

हिमाचल में चुनाव लड़ रहे 5 प्रत्याशियों पर महिलाओं से छेड़छाड़, अत्याचार, अपमानित करने जैसे मुकद्दमे दर्ज है। 2 प्रत्याशियों पर मर्डर और 3 पर हत्या का प्रयास करने की संगीन धाराओं में केस चल रहे हैं।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफोर्म (ADR) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार महिलाओं पर अत्याचार से जुड़े अपराध के मुकद्दमे चंबा से भारतीय वीर दल के प्रत्याशी उत्तम सिंह, चिंतपूर्णी से कांग्रेस के सुरदर्शन सिंह बबलू, हमीरपुर से निर्दलीय नरेश कुमार दर्जी, घुमारवी से निर्दलीय मनोहर लाल और कुल्लू से निर्दलीय लोट राम ठाकुर पर अदालतों में विचाराधीन है।

इन 2 उम्मीदवारों पर मर्डर के केस

हिमाचल के 2 उम्मीदवारों पर मर्डर के मुकद्दमे विचाराधीन है। इनमें दून से कांग्रेस प्रत्याशी राम कुमार और जोगेंद्रनगर से निर्दलीय कुलभूषण ठाकुर पर IPC की धारा 302 के तहत मुकद्दमे विचाराधीन है।

राम कुमार पर कुल एक मुकद्दमा है। इन पर IPC की 6 गंभीर धाराएं और 3 सामान्य सेक्शन लगे है। कुलभूषण ठाकुर पर भी एक केस में IPC की 5 गंभीर धाराएं और दूसरी 3 सेक्शन लगी है।

3 प्रत्याशियों पर हत्या का प्रयास

प्रदेश में अटेम्प्ट टू मर्डर (हत्या का प्रयास) के 3 उम्मीदवारों पर केस चल रहे हैं। इनमें...

- आनी से CPI(M) के देवकी नंद पर अटेम्प्ट टू मर्डर समेत कुल 9 मुकद्दमे है। इन पर IPC की 4 गंभीर धाराएं और IPC की 32 दूसरी धाराएं लगी हुई है।

- जोगेंद्रनगर से निर्दलीय कुलभूषण ठाकुर पर एक मुकद्दमा दर्ज है और IPC की 5 सीरियस धाराएं और 3 अन्य धाराएं लगी है।

- नालागढ़ से राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के जगदीश चंद पर हत्या का प्रयास समेत कुल 2 केस है। इन पर IPC 2 सीरियस और 7 दूसरी धाराएं लगी हुई है।

50 उम्मीदवारों पर गंभीर आरोप

हिमाचल विधानसभा चुनाव में कुल 50 उम्मीदवारों पर मर्डर, अटेम्प्ट टू मर्डर, महिलाओं से छेड़छाड़ व अत्याचार जैसे गंभीर मुकद्दमे दर्ज हैं। ADR के अनुसार इस बार 23% प्रत्याशी आपराधिक छवि के चुनाव लड़ रहे है। चिंता इस बात की है कि 2017 की अपेक्षा इस बार आपराधिक छवि के उम्मीदवार 4% बढ़े हैं।

कुल 412 उम्मीदवारों में से 92 (23%) पर IPC की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है, जबकि 2017 में 338 प्रत्याशियों में से 61 (18%) पर केस दर्ज थे। 2017 में IPC की गंभीर धाराओं में 9% उम्मीदवारों पर केस दर्ज थे। इस बार 12% पर गंभीर धाराओं के तहत मुकद्दमे चल रहे है। इनमें 25% प्रत्याशी कांग्रेस और भाजपा के 9% प्रत्याशी है।

5 करोड़ से अधिक संपत्ति वाले 86 उम्मीदवार

ADR के अनुसार हिमाचल में 5 करोड़ से अधिक की संपत्ति वाले 86 उम्मीदवार (21%) चुनाव लड़ रहे है। 2 करोड़ से 5 करोड़ के बीच की संपत्ति वाले 76 उम्मीदवार (18 फीसदी), 50 लाख से 2 करोड़ वाले 121 उम्मीदवार (29 फीसदी), 10 लाख से 50 लाख वाले 77 उम्मीदवार (19 फीसदी) और 10 लाख से संपत्ति वाले 52 उम्मीदवार (13 फीसदी) चुनाव लड़ रहे हैं।

चौपाल के बलवीर वर्मा सबसे अधिक संपत्ति वाले

प्रदेश में सबसे अधिक 128 करोड़ की संपत्ति के साथ चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा पहले स्थान पर है, जबकि विक्रमादित्य सिंह दूसरे और 101.39 करोड़ के साथ विक्रमादित्य सिंह दूसरे नंबर पर है।

सरकाघाट के केलाश के पास सबसे कम 3000 रुपए की संपत्ति

इसके विपरीत सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशियों में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के सरकाघाट से केलाश चंद के पास 3000 रुपए की संपत्ति, भटियात से हिंदु समाज पार्टी की अमृता चौधरी के पास 5500 रुपए और हमीरपुर से निर्दलीय आशीष कुमार के पास 7440 रुपए की संपत्ति है।

कांग्रेस में सबसे ज्यादा 61 करोड़पति

2017 में 47 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति थे, जबकि इस बार 55 प्रतिशत करोड़पति हो गए। करोड़पति में कांग्रेस के 61 उम्मीदवार, भाजपा के 56, AAP के 35 और CPIM के 4 करोड़पति चुनाव लड़ रहे हैं। सभी दावेदारों की औसतन संपत्ति 4.65 करोड़ की है।

धर्मपाल की कुल संपत्ति से ज्यादा देनदारी

नालागढ़ से AAP प्रत्याशी धर्मपाल की कुल संपत्ति 7.14 करोड़ है जबकि इन पर सबसे ज्यादा 12.55 करोड़ की देनदारी है। चिंतपूर्णी से कांग्रेस के सुदर्शन सिंह बबलू की कुल संपत्ति 2.65 करोड़ और इन पर देनदारी 10.36 करोड़ रुपए की है। बिलासपुर के घुमारवी से AAP प्रत्याशी राकेश कुमार चौपड़ा की कुल संपत्ति 21.68 करोड़ और इन पर 8.77 करोड़ की देनदारी है।

राजेंद्र राणा की सबसे ज्यादा आय

आयकर विवरण में सबसे ज्यादा आय 9.51 करोड़ की सालाना आय सुजानपुर से राजेंद्र राणा ने घोषित की है। दूसरे नंबर पर जसवां-परागपुर से संजय पराशर ने 4.41 करोड़ और गगरेट से राजेश ठाकुर ने 3.37 करोड़ वार्षिक आय घोषित की है।

154 उम्मीदवार 5वीं से 12वीं पास

हिमाचल में विधानसभा चुनाव लड़ रहे 154 उम्मीदवार 5वीं से 12वीं पास है। इनमें 246 स्नातक या इससे ज्यादा पढ़े-लिखे है। 8 ने शपथ पत्र में शिक्षा को डिप्लोमाधारक बताया है, जबकि 2 ने साक्षर और 2 ने असाक्षर बताया है।

कर्नल धनीराम शांडिल सबसे उम्र दराज

प्रदेश में चुनाव लड़ रहे 91 प्रत्याशियों की उम्र 25 से 40 साल है। 240 की आयु 41 से 60 साल और 80 उम्मीदवार 61 से 80 साल के है। एक उम्मीदवार की उम्र 82 साल है।

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method