भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में राज्य सचिवालय में गुजरात के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में मंगलवार को कार्यभार संभाला। इस रिपोर्ट में जानें गुजरात के कितने मंत्रियों पर क्रिमिनल केस, कितने करोड़पति...
गुजरात में नवगठित भाजपा सरकार के 17 में से चार मंत्रियों के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज हैं। 'एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स' (एडीआर) की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कम से कम 16 मंत्री करोड़पति हैं, या उनके पास एक करोड़ रुपये या उससे अधिक की संपत्ति है। मत्स्य पालन और पशुपालन राज्य मंत्री पुरुषोत्तम सोलंकी पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 के तहत धोखाधड़ी के दो आरोप हैं। सोलंकी पर एक आरोप धारा-467 के तहत 'महत्वपूर्ण सुरक्षा की जालसाजी' का है, जबकि दूसरा धारा 465 के तहत भी जालसाजी का है।
रिपोर्ट के मुताबिक, तीन अन्य मंत्रियों, हर्ष सांघवी, ऋषिकेश पटेल और राघवजी पटेल पर आईपीसी की धारा 188 के तहत लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा करने और धारा 500 के तहत मानहानि जैसे मामूली आरोप हैं। यह रिपोर्ट विधायकों के शपथपत्रों पर आधारित है। सर्वाधिक घोषित संपत्ति वाले मंत्री बलवंत सिंह राजपूत हैं। वह 372.65 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। वहीं, बच्चूभाई खबाद के पास सबसे कम 92.85 लाख रुपये की संपत्ति है। गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद सोमवार को नए मंत्रिपरिषद ने शपथ ली।
गुजरात के करीब 40 विधायकों के खिलाफ आपाराधिक मामले लंबित हैं। इन 40 में से 29 के खिलाफ हत्या की कोशिश और दुष्कर्म जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। इन 29 विधयकों में से 20 भाजपा, चार कांग्रेस एवं दो आम आदमी पार्टी (आप) से हैं। इनके अलावा एक निर्दलीय पर भी क्रिमिनल केस हैं। समाजवादी पार्टी के इकलौते विधायक पर भी आपराधिक मामला दर्ज है। भाजपा के 26, कांग्रेस के नौ, आप के दो विधायकों पर आपराधिक मामले लंबित हैं। यही नहीं तीन निर्दलीय में दो पर भी क्रिमिनल केस हैं। पिछली विधानसभा में 47 विधायक आपराधिक मामलों का सामना कर रहे थे।
तीन नवनिर्वाचित विधायकों के खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में मामले दर्ज हैं। इनमें वांसदा से कांग्रेस विधायक अनंत पटेल, पाटन से कांग्रेस विधायक कीर्ति पटेल और ऊना से भाजपा विधायक कालूभाई राठौर शामिल हैं। नवनिर्वाचित चार विधायकों ने भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (यौन उत्पीड़न) या धारा 376 (दुष्कर्म) के तहत महिलाओं के खिलाफ अपराधों से संबंधित मामलें दर्ज होने की जानकारी दी है। भाजपा के जेठा भरवाड़ के खिलाफ दुष्कर्म का केस है। जिग्नेश मेवाणी, भाजपा के जनक तलविया और आप के चैतर वसावा के खिलाफ धारा 354 के तहत केस है।