Skip to main content
Source
पीपुल्स अपडेट
https://peoplesupdate.com/adr-report-congress-mlas-are-richer-than-bjp-criminal-cases-mp-election-2023-hindi-news/
Author
Mithilesh Yadav
Date
City
Bhopal

मप्र में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले एडीआर ने अपनी एक दिलचस्प रिपोर्ट जारी कर दी है। चुनावी सरगर्मी और तमाम दलों की इलेक्शन को जीतने की लड़ाई के बीच इस बीच एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) नाम की संस्था ने मौजूदा 230 सदस्यों वाली विधानसभा के सभी विधायकों के बारे में अपनी रिपोर्ट पेश की है। हलफनामे के आधार पर तैयार इस एनालिटिकल रिपोर्ट में विधायकों की आय से लेकर उनके ऊपर दर्ज आपराधिक मामलों, आयु और शैक्षणिक योग्यताओं की जानकारी आंकड़ों के जरिए दी गई है।

बीजेपी से ज्यादा दागी हैं कांग्रेस के विधायक

एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो विधानसभा के मौजूदा विधायकों में से 40 फीसदी यानी कुल 93 दागी हैं। इनमें से 20 फीसदी याने 47 विधायकों गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अगर दलगत स्तर पर बात करें तो भाजपा के 39 विधायक और कांग्रेस के 52 विधायक दागी हैं। प्रतिशत के हिसाब से यह आंकड़ा बीजेपी के लिए 30 और कांग्रेस के लिए 54 होता है।

ये हैं विधायकों की शिक्षा का स्तर

विधानसभा के मौजूदा विधायकों में से 62 यानी 33 फीसदी की तालीम पांचवीं से बारहवीं तक ही हुई है। 158 विधायकों (64 फीसदी) ने ग्रेजुएट या उससे आगे की डिग्री ली हुई है। एमपी विधानसभा के चार विधायक डिप्लोमा धारी है। एक रोचक तथ्य यह है कि पांच विधायक साक्षर जबकि एक विधायक निरक्षर भी है।

महिलाएं महज 9 फीसदी, उम्रदराज का बहुमत

अगर विधानसभा के आंकड़ों को देखा जाए तो 96 विधायक यानी 42 फीसदी की आयु 25 से 50 साल के बीच है, जबकि 134 (58 प्रतिशत) की उम्र 51 से 80 साल के बीच है। एक रोचक फैक्ट यह भी आया है कि 230 विधायकों में 20 महिलाएं हैं, यानी केवल नौ फीसदी ही महिला विधायक हैं।

रिचेस्ट टॉप थ्री में दो भाजपाई, एक कांग्रेसी

एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, कटनी के विजराघोगढ़ से बीजेपी विधायक संजय पाठक मौजूदा विधायकों में सबसे अमीर हैं। 2018 में इनकी कुल संपत्ति 226 करोड़ थी। दूसरे स्थान पर भी बीजेपी के ही विधायक चैतन्य कश्यप हैं, जो रतलाम सिटी से विधायक हैं। उनकी कुल संपत्ति 204 करोड़ रुपए थी। तीसरे नंबर पर इंदौर -1 के चर्चित कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला हैं, जिनके पास 139 करोड़ की कुल संपत्ति थी।

महिला मंत्री की संपत्ति विधायकों से भी कम

सबसे धनवान विधायकों के बाद सबसे कम संपत्ति वाले विधायकों की बात करते हैं। खंडवा जिले की पंधाना सीट से बीजेपी विधायक राम दांगोरे पहले नंबर पर हैं। उनके पास केवल 50,749 रुपये की प्रॉपर्टी थी, दूसरे नंबर पर मंत्री उषा ठाकुर हैं, जिनकी कुल संपत्ति सात लाख थी। तीसरे नंबर पर भी शहडोल के ब्यौहारी से विधायक शरद जुगलाल कोल हैं। उनकी भी संपत्ति लगभग 8 लाख 40 हजार रुपए ही थी।

अधिकांश विधायक हैं करोड़पति

विधानसभा में 230 विधायकों में से 186 की संपत्ति एक करोड़ से अधिक थी। यानी प्रतिशत में देखा जाए तो 81 फीसदी विधायक करोड़पति थे। अगर कुल संपत्ति का औसत निकाला जाए तो एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार हर विधायक की प्रॉपर्टी लगभग 10 करोड़ 76  लाख रुपए आएगी। आज के दौर में संभावना यही है कि सभी विधायकों की संपत्ति इससे ज्यादा ही होगी, कम नहीं। एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार भाजपा के 129 विधायकों की औसत संपत्ति 9.86 करोड़ और कांग्रेस के 97 विधायकों की औसत संपत्ति 11.98 करोड़ रुपए थी। इसके अलावा तीन निर्दलीय विधायकों की औसत संपत्ति 11.98 करोड़ थी।


abc