Source: 
Author: 
Date: 
03.11.2015
City: 
Patna

आर्थिक रूप से पिछड़े माने जाने वाले 'बीमारू राज्य' बिहार के विधायकों की संपत्ति में दिन दोगुनी, रात चौगुनी से भी ज्यादा रफ्तार से इजाफा हुआ है। एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले पांच वर्षों में बिहार के ज्यादातर विधायकों की संपत्ति में बेहताशा बढ़ोतरी हुई है। दिलचस्प बात यह है कि यह संपत्ति उन विधायक उम्मीदवारों द्वारा अपने चुनावी हलफनामे में दिए गए ब्योरे के अनुसार ही है।

एक अंग्रेजी अखबार में छपी खबर के अनुसार, बिहार में बीते 5 सालों में 160 विधायकों की संपत्ति बेहिसाब बढ़ी है। सत्तासीन जदयू विधायक पूनम देवी इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। 2010 में अपने चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी जायदाद 1.87 करोड़ रुपये बताई थी, जो पांच साल बाद ताजा हलफनामे में 2103 फीसद बढ़कर 41.34 करोड़ हो गई। हालांकि, इस ओर एक तर्क यह है कि चुनाव आयोग ने संपत्ति‍ को मौजूदा बाजार भाव से दिखाने की इजाजत दी है। पूनम जदयू के टिकट पर खगड़िया से चुनाव लड़ रही हैं।

अपना पक्ष रखते हुए पूनम देवी कहती हैं, 'बीते पांच साल में मेरे जमीन की कीमत कई गुना बढ़ी है। साथ ही इस बीच मैंने 5 बीघा जमीन भी खरीदी है।'

पूनम की तरह ही नवादा से जदयू विधायक पूर्णिमा देवी की संपत्ति में भी बीते पांच सालों में 480 फीसद का इजाफा हुआ है। 2010 में उनकी संपत्ति 2.78 करोड़ थी, जो अब 16.14 करोड़ रुपये है। पूर्णिमा गोविंदपुर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

बिहार इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिसर्च (एडीआर) द्वारा तैयार किए गए आंकड़ों के अनुसार, बीते पांच सालों में विधायकों की संपत्ति में औसतन 1.71 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। यह चौंकाने वाले आंकड़े ऐसे समय के हैं, जब तेजी से विकास करने वाले राज्यों की सूची में बिहार का विकास दर 18.10 फीसद है यानी माननीयों की संपत्ति में विकास राज्य के विकास से सैंकड़ों गुना अधिक तेजी से हुआ है।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, लखीसराय से भाजपा विधायक विजय कुमार सिन्हा की संपत्ति‍ पांच वर्षों में 4.13 करोड़ से बढ़कर 15.64 करोड़ हो गई। इसी तरह दरभंगा (देहात) से राजद विधायक ललित कुमार यादव की जायदाद भी 2.83 करोड़ से बढ़कर 12.89 करोड़ के आंकड़े तक पहुंच गई। चिरैया से सपा विधायक अवनीश कुमार सिंह की संपत्ति‍ भी 1.25 करोड़ से 8.18 करोड़ रुपये हो गई है।

एडीआर के विश्लेषण की मानें तो बीते पांच सालों में 160 विधायकों की संपत्ति‍ में औसतन 199 फीसद का इजाफा हुआ है। पार्टी के हिसाब से देखा जाए तो भाजपा के 66 विधायक, जदयू के 52 और राजद के 12 विधायक इस सूची का हिस्सा हैं। इसमें जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के 7 विधायक और सीपीआई के एक विधायक अवधेश कुमार राय का भी नाम है। वामपंथी दल के विधायक अवधेश की संपत्त‍ि 30 लाख से बढ़कर 48 लाख हो गई है।

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method