Source: 
Dainik Bhaskar
http://www.bhaskar.com/article/ELEC-kapil-sibal-gets-6-4567683-NOR.html
Date: 
02.04.2014
City: 
New Delhi
ADR-दक्ष का SURVEY: कपिल सिब्बल को बतौर सांसद मिले 10 में 6.40 नंबर
नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 10 अप्रैल को दिल्ली की सातों सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इसी दिन चांदनी चौक सीट पर ताल ठोंक रहे केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल, बीजेपी के नेता हर्षवर्धन और पत्रकार से नेता बने आशुतोष के बीच टक्कर है। 
 
कपिल सिब्बल के लिए खतरे की घंटी? 
 
2009 के लोकसभा चुनाव में सिब्बल ने विजेंदर गुप्ता को 2 लाख से ज्यादा वोटों से हराया था। उससे पहले 2004 के लोकसभा चुनाव में सिब्बल ने बीजेपी की स्मृति ईरानी को अच्छे खासे वोटों के अंतर से हराया था। लेकिन इस बार उनकी हालत पतली है। एडीआर-दक्ष के सर्वे में जब चांदनी चौक लोकसभा सीट के लोगों से सिब्बल के कामकाज को आंकने को कहा गया तो उन्होंने कांग्रेसी नेता को 10 अंकों के स्केल पर 6.40 अंक दिए। यह प्रदर्शन औसत प्रदर्शन 6.67 से नीचे है। 
 
कारण 
 
-कपिल सिब्बल यूं तो कांग्रेस के बड़े नेता हैं। लेकिन यूपीए सरकार पर लगे घोटालों के आरोपों पर वे बचाव की भूमिका में रहते थे। 2 जी जैसे घोटाले पर तो सिब्बल ने यहां तक दलील दे दी थी कि इसमें 'जीरो लॉस' यानी पैसे का कोई नुकसान हुआ ही नहीं है। जबकि सीएजी ने 1.76 लाख करोड़ रुपए के घपले की बात कही थी।        
-केंद्र में कद्दावर मंत्री होने के नाते चांदनी चौक पर कम ध्यान दे पाए। 
-आम आदमी पार्टी जैसी नई पार्टी का तेजी से विस्तार होना भी कपिल सिब्बल के खिलाफ जा रहा है।      
 
लोकसभा में सिब्बल का प्रदर्शन 
 
एडीआर-दक्ष के सर्वे में कपिल सिब्बल को लोकसभा में प्रदर्शन के मामले में शून्य अंक मिले हैं। कपिल सिब्बल के पास बतौर सांसद 19 करोड़ के फंड उपलब्ध हैं। उन्होंने 12.79 करोड़ रुपए खर्च किए।  
चांदनी चौक लोकसभा सीट 
 
इस सीट के तहत 10 विधानसभा सीटें आती हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 35 फीसदी वैश्य और पंजाबी वोटर, 20 फीसदी मुस्लिम वोटर, 26 फीसदी अनुसूचित जाति के लोग, 9 फीसदी ब्राह्मण और 2 फीसदी अन्य वोटर हैं।  
 
चांदनी चौक क्षेत्र की समस्याएं 
 
चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र में ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण, सीलिंग के अलावा बिजली-पानी के बढ़े हुए बिल, पानी की खराब सप्लाई, खराब बुनियादी ढांचा यहां की प्रमुख समस्याएं हैं।
ADR-दक्ष का SURVEY: कपिल सिब्बल को बतौर सांसद मिले 10 में 6.40 नंबर
आशुतोष 
टीवी पत्रकार रहे आशुतोष (तस्वीर में प्रचार करते हुए) आम आदमी पार्टी के नेता हैं। वे पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। उनके और उनकी पत्नी के पास कुल 7.7 करोड़ रुपए की संपत्ति है। आशुतोष ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी और नई दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। 
 
कपिल सिब्बल 
65 साल के कपिल सिब्बल पेशे से मशहूर वकील हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी और हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से पढ़ाई की है। कपिल सिब्बल ने 1973 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) को क्वॉलिफाई कर लिया था। लेकिन उन्होंने अपनी लॉ फर्म खोलने का फैसला किया। 1998 में वे पहली बार राज्यसभा सदस्य बने। यहीं से उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत हुई। 2004 में वे पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़े और जीते।   
 
तीन साल में तीन गुनी हुई संपत्ति 
केंद्रीय कानून मंत्री कपिल सिब्बल की संपत्ति में पिछले तीन साल में तीन गुना इजाफा हुआ है। 2011 में सिब्बल की संपत्ति 38 करोड़ थी और अब उनकी संपत्ति 114 करोड़ रुपये हो गई है। सिब्बल ने पिछले साल दाखिल किए गए अपने आयकर रिटर्न में अपनी आय 77 लाख रुपये बताई थी जबकि उनकी पत्‍नी प्रॉमिला ने पिछले वित्तीय वर्ष में अपनी आय 28.73 लाख रुपये बताई थी। 
 
 
हर्षवर्धन 
दिल्ली के रहने वाले हर्षवर्धन पेशे से डॉक्टर हैं। उनके पास एमएस की डिग्री है। 1993 में वे पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। वे दिल्ली सरकार में मंत्री भी रहे हैं। हर्षवर्धन के पास करीब पौने तीन करोड़ रुपए की संपत्ति है।
© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method